मिर्जापुर। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के बरकछा कलां घाटी पर बीएचयू कैम्पस के पास मंगलवार की सुबह पास लेते समय दो ट्रक आपस में भिड़ गए। इस दुर्घटना में दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच सड़क पर हुए हादसे के चलते मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ट्रकों का हटवाकर जाम खुलवाया। पुलिस के अनुसार एक ट्रक सोनभद्र से मिर्जापुर और दूसरा ट्रक मिर्जापुर से सोनभद्र जा रहा था। दोनों जैसे ही बरकछा के पास पहुंचे कि एक वाहन से पास लेते समय दोनों आमने सामने होने के कारण भिड़ गए। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। घटना के चलते करीब एक किलोमीटर तक सड़क जाम हो गया। इससे स्कूल बच्चे, राहगीर आदि लोग जाम में फंसकर परेशान रहे।