मिर्जापुर। खनिज विभाग के सर्वेयर ने रविवार को अहरौरा थाना क्षेत्र के जंगल महाल स्थित चुड़िला गांव में अवैध तरीके से बालू का खनन कराने के आरोप में चार लोगों पर मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों के विरुद्घ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सर्वेयर के अनुसार गत काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि अहरौरा थाना क्षेत्र के जंगल महाल स्थित चुड़िला इलाके में कुछ लोग अवैध तरीके से बालू का खनन करा रहे हैं। जानकारी होते ही रविवार को उपनिरीक्षक विमलेश कुमार सिंह, लेखपाल पन्नालाल यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिल कर छापेमारी की गई तो तीन स्थानों पर चार लोगों को खनन कराते हुए पाया गया। इसमें खंखडू पुत्र पोत्तन द्वारा 192 घन मीटर, रामजनम पुत्र रामचंदर द्वारा 353 घन मीटर तथा फूलचंद्र और दीनानाथ पुत्र शिवचरन द्वारा 575 घन मीटर बालू का खनन कराया गया है। जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये है। सर्वेयर रामसुरेश ने रामजनम, खखंडू और फूूलचंद्र तथा दीनानाथ निवासी जंगल महाल के अहरौरा थाने में चारों के विरुद्घ लोक संपत्ति निवारण अधिनियम के तहत तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कराया है।