मड़िहान। पूर्व माध्यमिक विद्यालय पथरौर के बगल में बिजली का हाईटेंशन तार गिरने से बुधवार को सुबह उसकी चपेट में आकर मां की मौत हो गई जबकि उसका बेटा बुरी तरह झुलस गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने मुआवजा व विद्यालय परिसर से तार हटाने के लिए पिथरौर गांव के पास लालगंज-कलवारी मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने लोेगों को समझाबुझा कर जाम खत्म कराया। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी मृतक के परिवार वालों को पांच-पांच हजार रुपये सहयोग और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने 50 हजार रुपये का चेक दिया दिया। उन्होेंने तार हटवाने का आश्वासन भी दिया है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय पथरौर में गांव की मुन्नी देवी रसोइया का काम करती हैं। एक दिन पूर्व दीपनगर जाते समय वह चोटिल हो गई थीं। उन्होंने विद्यालय की सफाई और दोपहर भोजन बनाने के लिए बहू मुस्कान को भेज दिया। सुबह मुस्कान अपने चार बेटे किशन के साथ विद्यालय गई थी। जैसे ही विद्यालय के पास पहुंची कि हाईटेंशन तार टूट कर गिर गया। उस पर किशन का पैर पड़ गया और वह तार में चिपक गया। बेटे को तड़पता देख मां मुस्कान उसे छुड़ाने लगी। किशन तो छूट गया लेकिन बेटे को बचाने के चक्कर में मुस्कान करेंट की चपेट में आ गई। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे छुड़ाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। झुलसे बालक को लोग आनन-फानन में एक निजी चिकित्सालय ले गए। हालत बिगड़ते देख चिकित्सक ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने लालगंज-कलवारी मार्ग जाम कर दिया। वे परिवार को मुआवजा देने व विद्यालय के पास से तार पोल हटाने की मांग कर रहे थे। कुछ देर बाद में मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाबुझाकर जाम समाप्त कर दिया।
गांव में बेसिक शिक्षा अधिकारी पहुंचे। उन्होंने तत्काल सहायता दी। बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी 50 हजार रुपये का चेक पीड़ित परिवार को दिया। खंड शिक्षा अधिकारी राममिलन यादव ने बताया कि तार पोल हटवाने के लिए कई बार विद्युत विभाग को पत्र लिखा गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर विद्युत विभाग के एसडीओ अतुल रघुबंशी ने कहा कि शिक्षा विभाग को पत्र का जवाब दिया जा चुका है। कहा गया था कि बजट मिलने पर ही पोल हटाया जा सकता है।
इनसेट
विद्युत तार की जद में मड़िहान क्षेत्र के दर्जन भर विद्यालय
मड़िहान। विद्यालय के ऊपर या अगल बगल से विद्युत तार का जाना आम बात है। देखा जाए तो जनपद के करीब सौ से अधिक विद्यालयों के ऊपर या आगे पीछे से विद्युत तार ले जाए गए हैं। जिससे अक्सर तार टूट कर विद्यालय या उसके आसपास गिर जाते हैं। जिसकी चपेट में आने से अब तक कई बच्चों और पशुओं की मौत का खतरा उत्पन्न हो जाता है, फिर भी इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जाता है।
मड़िहान क्षेत्र के दाढ़ीराम इलाके में एक प्राथमिक विद्यालय पर के पीछे तार टूट कर गिरने से एक छात्र की मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंच कर काफी बवाल किया था। मड़िहान तहसील क्षेत्र के जमुई, हिनौता, पथरौर, नेवढ़िया, खनवर मझारी, देवरीउत्तर, मड़िहान कस्बा समेत कई विद्यालय खतरे को आमंत्रण दे रहे हैं। इसके अलावा जमालपुर, पहाड़ी ब्लॉक, छानबे, लालगंज, हलिया, चुनार, कछवां आदि विद्यालयों के आसपास से विद्युत तार ले जाए गए हैं। विद्युत विभाग के अधिकरियों का कहना है कि लाइन पुरानी है। विद्यालय का निर्माण बाद में हुआ है। नियमानुसार लाइन के नीचे भवन नहीं बनवाना चाहिए।