चुनार/जमुई। हौसला बुलंद चोरों ने बीती रात जमुई बाजार स्थित एक व्यक्ति के घर में घुस कर आलमारी एवं बाक्स का ताला तोड़ कर गहने कपड़े बर्तन सहित पांच लाख का माल समेट कर चपंत हो गए। छत पर सो रहे गृहस्वामी को आधी रात के बाद बारिश शुरू होने के बाद हुई। क्राइम ब्रांच की टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली इलाके के जमुई अहरौरा मार्ग पर राजेश बिल्डिंग मेटिरयल की दुकान करने वाले गुड्डू सिंह पुत्र लालजी ने बताया कि वह बीती रात परिवार के साथ भोजन किया और गर्मी एवं उमस को देखते घर के कमरों और चैनल में ताला लगा कर सब लोग छत पर सोने चले गए। रात करीब एक बजे बारिश होने लगी तब वह लोग नीचे आए तो देखा कि चैनल व कमरे का ताला टूटा हुआ है। अंदर रखी आलमारी व बाक्स खुले हैं। बताया कि करीब चार लाख रुपये मूल्य का सोने चांदी का जेवर एवं एक लाख रुपया नकद चोर उठा ले गए। कोतलवाली प्रभारी सुनील कुमार एवं क्राइम ब्रांच प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मेन रोड पर घर है। चोर पीछे का चैनल का ताला तोड़ कर घर के अंदर घुसे और कमरे का ताला चटका कर चोरी किया है। जिसकी जांच की जा रही है। बता दें कि आए दिन इलाके में चोरी एवं छिनैती की घटनाएं हो रही हैं लेकिन पुलिस एक भी मामले का राजफाश आज तक नहीं कर सकी है।