सीखड़। कछवां थाना क्षेत्र के नई बाजार पाहो में शनिवार की रात चोरों ने एक चिकित्सक के घर में सेंध लगाकर नगदी समेत करीब सात लाख रुपये का सामान उड़ा दिया। सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया। नई बाजार पाहो स्थित डॉ. तेजबली सिंह रात अपने कमरे में सोए थे। रात करीब दो बजे चोरों ने घर के नीचे उनकी होमियोपैथिक क्लीनिक में सेंध लगा कर 15,500 रुपये नगदी समेटने के बाद सीढ़ी से दूसरी मंजिल पर चढ़ गए। इसके बाद तेजबली के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। फिर दो कमरों और किचन का ताला तोड़ कर वहां रखे एक लाख 25 हजार रुपए नगद, सोने की सात अंगूठियां, पांच सिकड़ी, 15 जोड़ी चांदी की लरी, दो पायल, दो करधनी और एक मंगल सूत्र समेट ले गए। भोर में करीब तीन बजे तेजबली ने खिड़की देखा कि कुछ लोग भाग रहे हैं लेकिन समझ नहीं पाये कि कौन लोग हैं। उन्होंने बताया कि पाहो बाजार में किसी के यहां रामायण हो रही थी। लाउडस्पीकर बजने के कारण वह ताला टूटने व सेंध फोड़ने की आवाज नहीं सुन सके। सुबह उन्होंने सौ नंबर पर फोन किया तो खैरा चौकी इंचार्ज रामवंत यादव पहुंचे। तेजबली की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसी तरह शनिवार की रात ही चोरों ने कांटा डुही खैरा स्थित देशी और अंग्रेजी शराब की दुकान के ताले तोड़कर शराब की बोतलें व नकदी उठा ले गए। चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त है। व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक से चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की। कछवां थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द ही चोर पकड़ लिए जाएंगे।