गुमटी जलाने के विरोध में डीएम को ज्ञापन देने पहुंचे अधिवक्ता
मिर्जापुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन संघ के अध्यक्ष रतन मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी से मिलकर कचहरी के स्टांप वेंडरों की समस्या से अवगत कराया। कहा कि सुरक्षा न होने के कारण उनकी दुकानों में बार बार चोरी हो रही है। यहीं नहीं उनकी दुकानों में आग भी लगा दी जा रही है। इससे उनके सामने रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। इसलिए कचहरी परिसर में एक सुरक्षा कर्मी को तैनात करने की मांग की। अधिवक्ताओें ने कहा कि स्टांप वेंडरों ने गुमटी में स्टांप बेचकर किसी तरह अपनी रोजी रोटी चला रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से इनकी गुमटियों में लगातार चोरियां हो रही हैं। यहीं नहीं रविवार की रात तो दिलीप पाठक के गुमटी में आग भी लगा दी गई। इससे उसका सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। कहा कि पूरे कचहरी परिसर में सुरक्षा नहीं होने के कारण नशेड़ी, जुआड़ी आदि किस्म के लोग आते जाते रहते हैं। जो अब नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसलिए वहां एक सुरक्षा कर्मी की तैनात कर दिये जाएं जिससे कचहरी परिसर सुरक्षित रहे। इस दौरान अभय चंद्र पाठक, पीड़ित दिलीप पाठक स्टांप वेंडर,कौशल त्रिपाठी, अजय दूबे, रवि तिवारी, अजय मालवीय आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।