मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रैदानी कालोनी निवासी एक अधिवक्ता के मकान में शनिवार की सुबह दस बजे शार्ट सर्किट से आग लगने के चलते लगभग छह लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ी ने मोहल्ले वालों की मदद से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया।
रैदानी कालोनी निवासी अधिवक्ता रमाशंकर दूबे के मकान के पहली मंजिल के एक कमरे में शनिवार की सुबह दस बजे शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। देेखते ही देखते पूरे मकान में धुआ ही धुआ फैल गया। इससे घर में अफरा तफरी मच गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और परिजनों को किसी तरह छत के रास्ते दूसरे के मकान पर ले गए। मौके पर पहुंचे रमाशंकर के पुत्र कमलेश दूबे ने मोहल्लेवासियों का समरसेबल चलवाकर आग को बुझवाना शुरू कर दिया। इसी बीच फायर ब्रिगेड के कर्मचारी पहुंच गए और आग बुझाया। कमलेश ने बताया कि घटना के दौरान घर में उनकी मां इंद्रावती देवी, पत्नी चंदा देवी, छोटे भाई अखिलेश की पत्नी श्वेता दूबे, तीसरे भाई मनीष की पत्नी पदमा, अखिलेश की दो बेटिया अंजली और रसिका तथा मनीष की डेढ़ मां की बेटी मौजूद थी। जबकि दोनों छोटे भाई बाहर गए हुए थे। वह भी कचहरी गए थे। इसी बीच बरामदे के पास स्थित कमरे में शार्ट सर्किट हुई और आग लग गई। जिससे पूरा मकान जल गया। बताया कि आग से दो सोफा, ऐसी, पंखा, खिड़की दरवाजा, कालीन, समेत गृहस्थी का लगभग छह लाख रुपये का सामान जल गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर अरविंद चौहान ने घटना स्थल का जायजा लिया।