मिर्जापुर। मिर्जापुर के एसपी के नाम पर फर्जी ट्विटर आईडी एकाउंट बनाकर मैसेज भेजने वाले बिहार के एक छात्र को पुलिस ने शुक्रवार को पटना से गिरफ्तार कर लिया। उसे मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने शनिवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि बिहार के पटना जिले थाना रूपसपुर क्षेत्र के कालीकेत निवासी आशीष कुमार तिवारी बीसीए का छात्र है। वह पिछले कुछ महीनों से उनकी फोटो लगाकर उनके नाम से फर्जी ट्विटर एकाउंट बना लिया था। मामला तब प्रकाश में आया जब इसने यूपी पुलिस को एक मैसेज ट्विट किया। उसके बाद पुलिस की वायरल चेक ट्विटर सेल से जांच कराई गई। उसके बाद ट्विटर एकाउंट हैंडल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए क्राइम ब्रांच प्रभारी मनोज ठाकुर एवं शहर कोतवाल रमेश यादव तथा उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने 22 दिसंबर को पटना से आशीष तिवारी नामक छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने बताया कि वह 2015 से ट्विटर एकाउंट बनाकर चला रहा है। नवरात्र मेले में अपने माता-पिता के साथ विंध्याचल आया था। तब एसपी का नाम जानने के बाद आईडी की फोटो बदल दी। उस पर वह कभी-कभी हिंदूवादी विचारधारा के मैसेज भेजता था। आशीष तिवारी को फोटो देख कर लोगों ने एसपी मिर्जापुर समझा और 18 हजार से अधिक लोगों ने टैग भी कर लिया था। आरोपी युवक के माता-पिता अध्यापक हैं। युवक भी काफी होनहार है।