अदलहाट। थाना क्षेत्र के भुइली खास गांव में शुक्रवार को अबुझहाल में महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की बात कही।
अदलहाट थाना क्षेत्र के नियामतपुर कला गांव निवासी सुनीता का विवाह वर्ष 2000 में भुइली खास निवासी अजय कुमार मिश्रा से हुआ था। 40 वर्षीय सुनीता मिश्रा की शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। ससुर सूर्य प्रसाद मिश्रा ने स्थानीय चिकित्सक के यहां इलाज कराया। जहां शाम को चार बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पति अजय कुमार मिश्रा होमगार्ड का जवान है। रामनगर थाने में ड्यूटी पर था। परिजनों ने विवाहिता के मौत की सूचना उसके पति व मायके वालों को दिया। मायके से आए मृतका के भाई अभिषेक पाण्डेय ने थाने में तहरीर दिया कि उसके बहन की ससुराल वालों ने हत्या कर दिया है। आरोप लगने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं मे मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।