जमालपुर। थाना क्षेत्र के रीवां गांव में गुरुवार की देर रात पड़ोस की महिलाओं ने घर में घुसकर ईंट-पत्थर और बटखरे से हमला कर सास को मौत के घाट उतार दिया और बहू को पीटकर घायल कर दिया। रात में हत्या की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। बहू की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार आरोपित मां व उसकी तीन पुत्रियों को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्र निवासी 70 वर्षीय रेशमा देवी का उनके पट्टीदारों से पुराना विवाद चल रहा है। विवाद को लेकर आए दिन झगड़ा होता रहता था। शाम को पट्टीदारों से विवाद हुआ था। गुरुवार की रात रेशमा देवी और उनकी विधवा बहू सिताबी देवी घर में अकेली थी। रात को 11 बजे पट्टीदार घर में घुसे और वृद्धा रेशमा की पिटाई करने लगे। पड़ोसियों ने ईट और बटखरा वृद्धा के सिर में मार दिया। बचाने आई बहू सिताबी देवी की भी पटाई की। उसने किसी तरह वहां से भाग कर जान बचाई। भाग कर सिताबी ने शोर मचाया तो ग्रामीण इकट्ठा हुए, इस पर सभी घर से भागे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस सास-बहू को उपचार के लिए सीएचसी ले गई। जहां डाक्टर ने सास रेशमा को मृत घोषित कर दिया। घायल बहू सिताबी देवी ने पिटाई करने वाले छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छह आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें चार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, फरार दो लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपितों में श्याम नारायण की पत्नी फूलदेई, उसकी पुत्री संगीता, सोनम और रुबी हैं।
जमालपुर। क्षेत्र निवासी रेशमा देवी को एक पुत्र था। उसके निधन के बाद रेशमा बहू सिताबी देवी के साथ परचून की दुकान खोलकर घर का जीवन-यापन करने लगी। सिताबी को दो पुत्र और दो पुत्री हैं। दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। दो पुत्रों में बड़ा पुत्र अजित अपनी पत्नी को लेकर मुड़हुआ स्थित अपने ससुराल गया था। छोटा पुत्र सुजीत बाहर नौकरी करता है। घर पर कोई नहीं था। सास-बहू को अकेला पाकर पट्टीदारों ने शाम को विवाद किया था। शाम को ग्रामीणों के बीच-बचाव से विवाद समाप्त हो गया था। रात को मौका पाकर पट्टीदारों ने हमला कर दिया। इसमें सास की पिटाई से मौत हो गई।
दो पटीदारों में काफी पुरानी विवाद चला आ रहा है। गुरुवार को दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष ने हमला कर वृद्धा की पिटाई की। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छह पर मुकदमा दर्ज किया गया है। चार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया फरार लोगों को जल्द पकड़ा जाएगा।
हितेंद्र कृष्ण, सीओ चुनार