मिर्जापुर। तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार की रात हुए सड़क हादसे के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही परिजन रोते बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना पड़री थाना क्षेत्र के परसनपुर कठिनई संपर्क मार्ग पर गुरुवार की देर रात्रि घटी। पड़री थाना क्षेत्र के कठिनई गांव निवासी नंदलाल पटेल 40 वर्ष पुत्र शंकर पटेल पड़री बाजार सामान खरीदने आया था। गुरुवार की रात पड़री बाजार से घर जा रहा था। इसी दौरान परसनपुर गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मारते हुए उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जब तक लोग चिकित्सालय ले जाते तब तक वह दम तोड़ चुका था। युवक को दो पुत्र व एक पुत्री है। इसी प्रकार दूसरी घटना शुक्रवार को आजमगढ़ जनपद में घटी। वहां दो ट्रकों के बीच हुए टक्कर में एक ट्रक पर मौजूद खलासी राजकुमार यादव 21 वर्ष पुत्र सुग्गू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुुंची पुलिस उसे स्थानीय चिकित्सालय ले गई। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने खलासी को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया लेकिन परिजन उसे वहां न ले जाकर घर ले आ रहे थे। शुक्रवार रात करीब सवा 12 बजे मंडलीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे तो उसे देखते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरी घटना लालगंज थाना क्षेत्र के मटियारी गांव स्थित एक पुलिया के पास घटी थी। करीब चार महीने पूर्व मटियारी खुर्द गांव निवासी संजय 30 वर्ष पुत्र मिश्रीलाल घर जाते समय एक पुलिया के पास बाइक लेकर गिरने के कारण गंभीर रुप से घायल हो गया था। उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर में ले जाया गया था। वहां से इलाज के बाद युवक को छोड़ दिया गया। करीब चार महीने बाद अचानक उसे चोट लगे स्थान पर दर्द हुआ तो परिजन आनन-फानन जिला चिकित्सालय ले गए। यहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
सड़क हादसे में तीन की मौत