मिर्जापुर। चंदन की मौत के बाद देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा खुर्द गांव को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया है। कई थानों की पुलिस डट गई है। पीएसी के रूट मार्च से ग्रामीण सहमे हुए हैं। उनको आशंका है कि कहीं रात में पुलिस बल प्रयोग न करे। चंदन की मौत के बाद जब भीड़ ने पुलिस बल पर हमला कर दिया और एसपी सिटी घायल हो गए तो उनको वहां से हटाने के बाद पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। गांव से दो स्कार्पियों समेत 50 वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि पुलिस पर हमले के बाद से ही ग्रामीण यह मान रहे थे कि कोई कार्रवाई हो सकती है। इसलिए कई ग्रामीण पहले ही गांव छोड़कर हट गए थे। कई थानों की पुलिस के आने से यह माना जा रहा है कि रात में कोई गड़बड़ी की आशंका हो सकती है। लोकसभा निर्वाचन को देखते हुए प्रशासन इस संबंध में कोई रिस्क नहीं लेना चाहता। इसलिए वह अपनी तरफ से पूरी पुख्ता व्यवस्था कर रहा है कि बवाल आगे न बढ़ने पाए। वहीं इस घटना को लेकर जिले में भी सुगबुगाहट शुरू हो गई है। पुलिस का प्रयास है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाए ताकि बवाल आगे न बढ़ने पाए।