चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने ईंट भट्ठा संचालक रतन कुमार श्रीवास्तव से 15 लाख रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। आरोपी ने पिछले महीने ईंट व्यवसायी से रंगदारी मांगी थी। बुधवार को एसपी संतोष सिंह ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि मुगलसराय के रविनगर निवासी रतन कुमार श्रीवास्तव ने कुछ दिनों पहले मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। बताया था कि उनके मोबाइल पर 15 लाख रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान बुधवार को हरिशंकरपुर के पास जांच के दौरान एक बाइक सवार को रोका गया तो वह भागने लगा। मगर पुलिस कर्मियों ने उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान पकड़ा गया युवक महाबलपुर निवासी सैफी अब्बास ने व्यवसायी से रंगदारी मांगने की बात को स्वीकार किया। आरोपी युवक ने बताया कि दो वर्ष पूर्व वह व्यवसायी के यहां वाहन चालक के रुप में तैनात था। कर्ज अधिक होने के चलते वह काफी परेशान था। कर्ज के पैैसे चुनाने के लिए उसने रंगदारी लेने की योजना बनाई थी। जांच के दौरान आरोपी के पास से एक तमंचा, एक कारतूस और एक बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस टीम में दुलहीपुर चौकी प्रभारी शिवाकांत पांडेय, राजकुमार पांडेय, प्रह्लाद सिंह, चंद्रशेखर सिंह शामिल रहे।