अहरौरा। झारखंड में हत्या, लूट, आगजनी, बलवा जैसे संगीन अपराधों को अंजाम दे चुुके अमन श्रीवास्तव गैंग के एक सदस्य को अहरौरा पुलिस ने शुक्रवार की सुबह झारखंड पुलिस की मदद से क्षेत्र के खुटहा गांव के दमदा पहाड़ी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से स्कार्पियो गाड़ी, दो मोबाइल और दो हजार रुपया बरामद किया। पुलिस आरोपी सहित स्कार्पियो चालक को भी हिरासत में लेकर अपने साथ झारखंड लेकर चली गई।
थानाध्यक्ष मनोज ठाकुर ने बताया कि झारखंड में कोयला माफिया अमन श्रीवास्तव और विकास तिवारी का गैंग सक्रिय है। कोयले के विवाद में दोनों आए दिन हत्या लूट रंगदारी, आगजनी की घटना को अंजाम देते रहते हैं। शुक्रवार की सुबह मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के खुटहा गांव में झारखंड के कुछ शातिर अपराधी असलहे से लैस होकर छिपे हुए हैं। पुलिस दमदा पहाड़ी को चारों ओर से घेर लिया और दो लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि पकड़ा गया इनमें से एक आरोपी झारखंड का शातिर अपराधी है और दूसरा स्कार्पियो चालक है। सूचना पर झारखंड पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस दोनों को थाने लाई। पुलिस ने बताया कि अपराधी शहादत अंसारी पुत्र नूर हसन अंसारी रोपाच थाना पतरातू जनपद रामगढ़ झारखंड का निवासी है। उस पर झारखंड के कई थाना में दर्जनों मुकदमा दर्ज है। वहीं, दूसरा स्कार्पियो चालक अशरफ अंसारी अरगड्ढा रामगढ़ झारखंड का रहने वाला है। पुलिस दोनों स्कार्पियो सहित अपने साथ झारखंड लेकर चली गई। गिरफ्तार करने वाले टीम में थानाध्यक्ष मनोज ठाकुर,एसआई विमलेश सिंह, आलोक सिंह, सतीश सिंह, झारखंड के बरका काना थाना प्रभारी संतोष गुप्ता व अन्य पुलिस मौजूद रहे।
ससुराल में आया था पकड़ा गया आरोपी
अहरौरा। अपराधी शहादत अंसारी खुटहा स्थित अपने ससुराल आया हुआ था। उसकी शादी दो माह पूर्व खुटहा गांव निवासी अबुल अंसारी की लड़की से हुई थी। इसके बाद से उसका अपने ससुराल में आना जाना लगा हुआ था। शुक्रवार की सुबह खुटहा गांव के दमदा पहाड़ के पास आरोपी गया हुआ था तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
झारखंड के पतरातु में 2011 में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद शहादत ने जरायम की दुनिया में कदम रखा। इसके दो वर्ष बाद हत्या का आरोपी बना। इसके बाद झारखंड पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल से छूटकर आने के बाद पिछले वर्ष कई घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया । 31 दिसंबर की रात पतरातू में हत्या का प्रयास और आगजनी की घटना को अंजाम देने के बाद से भाग गया और छिपकर अपने ससुराल रहने लगा। इसे पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। शहादत के बड़े भाई रियाज अंसारी पर 30 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके गैंग में कुल 15 शातिर अपराधी है, जिनकी झारखंड पुलिस तलाश कर रही है।