मड़िहान। स्थानीय कस्बा स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा मड़िहान से कर्ज लिए बकाएदारों व गारंटर के खिलाफ शुक्रवार को संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई। बैंक का पैसा न लौटाने पर गारंटर को नोटिस जारी कर दीवाल पर चस्पा किया गया। बैंक के इस कार्रवाई से बकाएदारों में हड़कंप मच गया।
इलाहाबाद बैंक शाखा मड़िहान से देवरीकला गांव निवासी कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने पोल्ट्री सीड्स के नाम पर तीन वर्ष पूर्व 15 लाख रुपए कर्ज लिया था। कर्ज लेने के बाद बैंक का कर्ज नहीं चुकाया। बैंक से भेजी गई नोटिस को भी नजरअंदाज करता रहा। इसी तरह प्रदीप कुमार पटेल पुत्र सतीशचंद पटेल ने भी 13 लाख 50 हजार का कर्ज आयल मिल के नाम पर लिया था, जो वर्तमान समय में 20 लाख से भी अधिक हो चुका है। इलाहाबाद बैंक के मुख्य प्रबंधक मिर्जापुर पीपीएस वोहरा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए सांकेतिक कब्जे की नोटिस चस्पा की और कहा कि यदि 30 दिन के अंदर बैंक का कर्ज नहीं चुकाया गया तो संपत्ति को नीलाम कर बैंक अपना कर्ज वसूल लेगी। बैंक अधिकारियों ने मकान रह रहे किराएदारों को भी हिदायत दी कि आज से यह मकान उनका हो गया है। यदि मकान में रहना है तो इसका किराया इलाहाबाद बैंक को दिया जाए। इस दौरान बैंक के अधिवक्ता सुरेश कुमार त्रिपाठी, शाखा प्रबंधक राजीव रंजन, सहायक प्रबंधक संजय कुमार दुबे, रिकवरी अधिकारी शैलेश कुमार उपस्थित रहे।