छह दिन से लापता युवक जीएस गौतम (22) का शव देहात कोतवाली क्षेत्र के कर्णावती नदी किनारे गुरुवार की सुबह मिला। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने उसकी पहचान जीएस गौतम निवासी रानीबारी करनपुर के रूप में की। परिवार वालों ने युवक की हत्या कर शव नदी किनारे फेंकने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस उसके चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के रानीबारी करनपुर गांव निवासी जीएस गौतम शनिवार को घर से मुर्गा खरीदने बसही बाजार आया था। तभी से वह लापता था। रविवार को फिर उसकी खोजबीन की गई। लेकिन पता नहीं चला। थक कर सोमवार की सुबह परिवार के लोग करनपुर चौकी में पहुंचे और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर लापता युवक की खोजबीन की गुहार लगाई। उधर परिजन युवक की तलाश कर रहे थे कि गुरुवार की सुबह कर्णावती नदी किनारे शौच के लिए गए कुछ ग्रामीणों ने जीएस गौतम का शव देखा। परिजनों ने बताया कि जीएस की रविवार की रात की किसी ने हत्या कर शव नदी किनारे फेंका है, क्योंकि अगर उसकी नदी में डूबने से मौत हुई होती तो शव काफी फूल गया होता। लेकिन ऐसा नहीं है। उसके नाक, आंख और कान पर चोट के निशान भी हैं।
इनसेट
चाचा से पहले हुआ था विवाद
परिवार के लोगों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व जीएस के चाचा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके चाचा ने जीएस की काफी पिटाई भी की थी।
इनसेट
युवक का मोबाइल फोन गायब
घर से मुर्गा लेने निकला जीएस गौतम मोबाइल लेकर निकला था लेकिन घटना स्थल पर उसका मोबाइल फोन नहीं मिला। इससे लगता है कि उसका मोबाइल गायब कर दिया गया है।