चुनार। स्थानीय थाना क्षेत्र के धरम्मरपुर गांव में शनिवार की देर रात किराना की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों ने पानी फेंककर किसी तरह आग बुझाया। जितेंद्र कुमार की गांव में ही किराना की दुकान है। प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी रात लगभग नौ बजे दुकान बंदकर वह घर के अंदर सोने चले गए। दुकान के बगल में ही जितेंद्र के बड़े पिता का भी मकान है। बड़े पिता की रात लगभग 11.15 बजे अचानक नींद खुली तो देखा कि दुकान के अंदर से काफी धुआं और आग रोशनदान से निकल रही है। शोर मचाने पर परिवार और आसपास के अन्य लोग इकट्ठा हो गए और पानी फेंककर किसी तरह आग पर काबू पाया। दुकान संचालक ने कोतवाली में लगभग तीन लाख रुपये की क्षति होने के बाबत तहरीर दी है।