जिगना। थाना क्षेत्र के हरगढ़ घाट गंगा नदी में 15 वर्षीय एक किशोरी का शव रविवार की देर शाम उतराई मिली। ग्रामीणों की सूचना पर उप निरीक्षक चंद्रिका प्रसाद यादव ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने किशोरी की हत्या कर शव नदी में फेंकने की आशंका जताई। इस मामले में सीओ सदर हितेंद्र कृष्ण का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो उसके अनुसार मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का सुराग लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार की शाम कुछ ग्रामीण गंगा नदी किनारे गए थे। इसी दौरान हरगढ़ घाट के पास 15 वर्षीय एक किशोरी की लाश दिखाई पड़ी। पहले लोगों ने सोचा कि किसी ने उसकी बहाया होगा लेकिन जब उसके शरीर पर कपड़ा देखा तो आशंका जताई कि उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृत किशोरी जिंस पैंट काले रंग का जैकेट कान में सोने की बाली, हांथ में मोती गुरिया का कड़ा व अंगुली में अंगूठी पहने थी। शव से दुर्गंध आ रही थी। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि शव तीन दिन पुराना है। पुलिस शव की पहचान कराने में जुटी है ।लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।