अहरौरा। पुलिस ने वाराणसी-शक्ति नगर मार्ग पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को शुक्रवार की देर रात अहरौरा थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूट के 3500 रुपये नगद, एक मोबाइल, लूट में इस्तेमाल बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया है। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। सीओ आपरेशन संजय सिंह ने शनिवार को अहरौरा थाने में पत्रकारों के समक्ष इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अहरौरा थाना क्षेत्र के आनंदीपुर गांव निवासी अजय मिश्रा अपनी दोस्त नेहा मिश्रा के साथ 16 नवंबर को अहरौरा के खप्पर बाबा के दर्शन करने जा रहे थे। दर्शन पूजन के बाद शाम को पांच बजे लौटते समय जैसे ही हाइवे पर पहुंचे कि पहले से वहां मौजूद बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। जब उन्होंने इसका विरोध जताया तो तीनों ने दोनों को मारपीट कर उनके पास मौजूद मोबाइल, 25 सौ रुपया छीनकर फरार हो गए। घटना की तहरीर मिलने पर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार की सूचना मिली कि लूट के आरोपी क्षेत्र के खप्पर बाबा आश्रम के पास मौजूद है। जानकारी होते ही पुलिस पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी कराई तो उनके पास से लूट के पैसे व बाइक बरामद हुई है।