ड्रमंडगंज। हलिया थाना क्षेत्र के बसुहरा गांव के पास पिकअप से कुचलकर नौ वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और शव को सड़क पर रखकर हलिया-लालगंज मार्ग को जाम कर दिया। अपराह्न दो बजे जाम लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची परिजनों को समझाती रही लेकिन नहीं माने। वे चालक को गिरफ्तार करने और मुआवजा दिलाने की जिद पर अड़े रहे। शाम को 6:30 बजे एसडीएम लालगंज अरविंद चौहान के आश्वासन पर लोगों ने धरना समाप्त किया। हलिया थाना क्षेत्र के बसुहरा गांव निवासी सुख सागर बिंद की नौ वर्षीय बेटी नीलम मंगलवार की अपराह्न दो बजे हलिया-लालगंज मार्ग को पार कर वापस अपने घर आ रही थी। जैसे ही बीच सड़क पर पहुंची कि मिर्जापुर की ओर से आ रही स्वास्थ्य विभाग की वैक्सीन लदी पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया। इससे बालिका की घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप छोड़कर चालक भाग गया। घटना की जानकारी होने पर परिजन पहुंच गए और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इससे नाराज परिजन ग्रामीणों संग शव को बीच सड़क पर रखकर हलिया-लालगंज मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक हलिया विश्व ज्योति राय ने पिकअप को कब्जे ले लिया। वह परिजनों को समझाने-बुझाने लगे लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े थे। शाम को एसडीएम के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ तब यातायात सामान्य को सका।