आबकारी एवं कछवां थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार की दोपहर कछवां थाना क्षेत्र के ब्राह्मण मोहल्ले में स्थित अवैध शराब की फैक्ट्री पर औचक छापेमारी की। इस दौरान टीम ने 131 शीशी शराब और दो ड्रम में शराब बनाने के लिए रखे केमिकल समेत एक हजार खाली शीशी बरामद की।
आबकारी निरीक्षक आशीष यादव ने बताया कि पिछले काफी दिनाें से सूचना मिल रही थी कि कछवां थाना क्षेत्र के ब्राह्मण मोहल्ले में अवैध शराब की फैक्ट्री है। यहां शीशी में नकली शराब भरकर उसे दूकानदाराें के यहां बेचा जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कछवां पुलिस से संपर्क साधा और इसकी मुखबिरी कराने की बात की।
सोमवार को सटीक सूचना मिलने पर उनके नेतृत्व में आबकारी और कछवां इंस्पेक्टर डीके राय एवं थाने की फोर्स ने दोपहर में छापेमारी की। इसकी खबर लगते ही फैक्ट्री मालिक राकेश पांडेय समेत अन्य कर्मचारी पीछे के रास्ते से भाग निकले। टीम ने फैक्ट्री से 131 शीशी में बनाकर रखी नकली शराब, दो ड्रम में शराब बनाने का केमिकल ओपी और एक हजार खाली शीशी बरामद की।
उन्होंने बताया कि फैक्ट्री मालिक समेत अन्य लोगाें के खिलाफ अवैध तरीके से शराब बनाने एवं अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया गया है। विभाग की माने तो कई वर्षाें से अवैध शराब की फैक्ट्री चल रही थी लेकिन जानकारी नहीं थी। फैक्ट्री मालिक राकेश पांडेय शराबाें को क्षेत्र के दूकानदाराें को सस्ते दामाें पर बेचता था।