निकाय चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए डीआईजी आरपी सिंह ने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के बूथों का भ्रमण कर अपराधियों पर नकेल कसने का निर्देश दिया है। उन्होंने निकाय चुनाव में सुरक्षा के कड़े प्रबंध के साथ ही हत्या, लूट, दुष्कर्म, चोरी आदि की घटनाओं पर नियंत्रण करने का भी निर्देश दिया है।
डीआईजी ने बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्रा व अन्य अधिकारियों के साथ पुलिस लाइंस सभागार में बैठक कर अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, निकाय चुनाव व नए साल पर सुरक्षा तैयारियों की तैयारी की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नए साल के मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने का निर्देश दिया।
निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए डीआईजी ने सभी क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को अपने अपने क्षेत्र में पड़ने वाले बूथों का भ्रमण करने, अपराधियों व शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। चुनाव संबंधी अन्य तैयारी समय से पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने अवैध शराब, मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने, हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, दहेज हत्या, नकबजनी, चोरी, वाहन चोरी आदि की घटनाओं पर भी नियंत्रण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विभिन्न मामलों में वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी करने, जनपद व थाना स्तर पर टॉप-10 अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बीट प्रभारी व बीट आरक्षी को नियमित रूप से बीट पर जाने, लोगों से मिलने, आवश्यक सूचनाओं का संकलन करके उच्चाधिकारियों को अवगत कराने, थाने में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को ध्यान से सुनने, सौम्य व्यवहार करने, महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने थानों में महिला हेल्पडेस्क, डॉयल 1090, 112, 108, यूपी काप आदि सुविधाओं के बारे में लोगों को लगातार जागरूक करते रहने का भी निर्देश दिया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्रीकांत प्रजापति, अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन महेश सिंह अत्रि, सीओ सीटी परमानंद कुशवाहा, सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।