पूर्वांचल क्रांति दल द्वारा चलाए जा रहे पूर्वांचल प्रदेश बनाओ संकल्प सभा का आयोजन रविवार को रमईपट्टी स्थित एक वाटिका में किया गया।
इसमें पूर्वांचल प्रदेश बनाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।
संकल्प सभा के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष रामसखा त्रिपाठी ने कहा कि जब तक पूर्वांचल प्रदेश नहीं बनेगा और काशी राजधानी नहीं बनेगी, तब तक पूर्वी उ.प्र. का सर्वांगीण विकास नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूर्वी उ.प्र. नेतृत्व विहीन और औद्योगिक शून्य क्षेत्र है। अलग पूर्वांचल बनने से ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है।
प्रदेश अध्यक्ष राम सनेही दूबे ने कहा कि हम सब संकल्प लेते हैं कि जब तक पूर्वांचल प्रदेश नहीं बनेगा तब तक हम सभी लोग चैन से नही बैठेंगे।
बैठक की अध्यक्षता राजेश भारतीय व संचालन शिवशंकर पांडेय ने किया। बैठक में नारायण उपाध्याय, अरुण चंद्र पांडेय, शिवधारी गौतम, विजय नारायण, श्यामलाल तिवारी, करुणा शंकर, योगेश शुक्ल आदि थे।