नटवीर चौराहा के पास क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को ठीक कराने के लिए बना गड्ढा, स्रोत संवाद
मिर्जापुर। नगर क्षेत्र के चार मोहल्लों में 200 से अधिक घरों में प्रदूषित पानी पहुंच रहा है। इससे 1500 से अधिक की आबादी प्रभावित हो रही है। क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों के जरिए गड्ढा व सीवर का पानी घरों तक पहुंच रहा है। नागरिकों ने इसके लिए आवाज उठाई लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। नगर पालिका क्षेत्र के इमामगंज वार्ड के झांवागढ़ की गली में क्षतिग्रस्त पाइप लाइन से इस गली के 30 घरों में प्रदूषित पानी पहुंच रहा है। नागरिकों का कहना है कि जब नलों में पानी आता है तो एकदम गंदा पानी होता है जो कुछ देर के बाद साफ होता है। यहां पर पाइप लाइन कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है जिससे गड्ढों का भरा पानी भी पाइप लाइनों से होकर घरों तक पहुंच रहा है। आशंका जताई गई कि यदि इस समस्या को दूर नहीं किया गया तो बीमारी फैल सकती है। इसी प्रकार चंद्रदीपा वार्ड के नटवीर चौराहा पर पेयजल की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे नटवीर चौराहा नटवा रोड, कृष्णा नगर, यादव बस्ती सहित कई अन्य जगहों पर नलों से गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। नागरिकों का आरोप है कि सीवर लाइन बिछाते समय पेयजल की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई जिससे अब प्रदूषित जल घरों तक पहुंच रहा है। इसके अतिरिक्त बसही वार्ड में भी पानी की समस्या है।
पत्रक देने के 12 दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई -मिर्जापुर। इमामगंज वार्ड के झांवागढ़ की गली के निवासियों ने 13 जनवरी को नगर पालिकाध्यक्ष व जलकल विभाग को अपने हस्ताक्षर व मोबाइल नंबर लिखकर पत्रक दिया था। समस्या की पूरी जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की थी लेकिन आजतक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नागरिकाें में रोष है। उनका आरोप है कि नगर के मुख्य बाजार की गली की यह स्थिति है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी जी लाल ने कहा कि कार्रवाई की जा रही है। नटवीर चौराहे पर काम लगा दिया गया है। झांवागढ़ की गली में भी जल्द ही पाइप लाइन ठीक कराई जाएगी।