मिर्जापुर। पुलिस लाइन के पास एक चाट विक्रेता के साथ अभद्रता कर उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप में आरक्षी को पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया। पुलिस ने इस मामले की विभागीय जांच का आदेश दिया है।
आरोप है कि पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी राम विलास पासवान ने ठेले पर चाट-फुल्की बेचने वाले एक व्यक्ति के साथ अभद्रता कर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। चाट विक्रेता ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने आरक्षी को निलंबित किया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने और जन सामान्य में पुलिस की छवि धूमिल करने के आरोप में आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दिया गया है।