विंध्याचल। चैत्र नवरात्र की सप्तमी पर सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए। दर्शन के बाद एक होटल में पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र के बारे में जानारी देकर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस और सपा केवल जाति तथा धर्म की बातें करती हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा क्या, राहुल गांधी स्वयं देख लें कि देश में विकास कार्य हुए हैं अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर जिले में ही 349000 लोगों को नल से जल योजना का लाभ मिला है। जिले के लोगों को 50100 शौचालय मिले हैं। जिले में 70913 प्रधानमंत्री आवास दिए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने छह दशक तक राज किया और जनता को सिर्फ लूटने का काम किया। उन्होंने कहा की सूर्य घर योजना से अब मुफ्त बिजली ही नहीं मिलेगी, बल्कि कमाई भी होगी। लखपती दीदी, उज्ज्वला, आयुष्मान, हर घर नल आदि कई योजनाओं से देश के लोगों को लाभ पहुंचा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि अब इन योजनाओं में और भी वृद्धि होने जा रही है।उन्होंने कहा कि आज देश में सबसे बड़ी गारंटी कुछ है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा सिर्फ धर्म तथा जाति की राजनीति करती हैं। विकास के मुद्दों से उनका कोई लेना-देना नहीं है। अखिलेश यादव की सरकार में यूपी में पूरी तरह से जंगलराज था। उनके शासन काल में प्रदेश में कानून का कोई मतलब नहीं रह गया था। एक सौ से अधिक दंगे हुए। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन यूपी में 80 सीटें जीत रही है। अबकी बार 400 से ज्यादा सीटें जीतकर केंद्र में फिर नरेंद्र मोदी की सरकार बनेगी।