मिर्जापुर। नगर के चार उपकेंद्रों में ट्रांसफार्मर लगाने, जर्जर पोल और तार बदलने के लिए 16 से 30 अप्रैल तक सुबह नौ से शाम पांच बजे तक आठ घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
यह जानकारी विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने दी। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं से कटौती के दौरान के लिए जरूरी काम के बाबत पानी आदि की व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने बताया कि लालडिग्गी उपकेंद्र के त्रिमोहानी तथा लालडिग्गी फीडर से कटौती होगी। यहां पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाने के अलावा जर्जर तार और पोल बदले जाएंगे। इस दौरान लालडिग्गी, रायल मेडिकल के पास तथा त्रिमोहानी के आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। इसी प्रकार जंगीरोड के पीलीकोठी फीडर से संबंधित जर्जर हाईटेंशन तार बदलकर एरियल बंच कंडक्टर (एबीसी) तार लगाए जाएंगे। इस दौरान आवास विकास काॅलोनी, भरूहना चौराहा तथा गायत्रीपुरम के क्षेत्र प्रभावित होंगे। इसी प्रकार जेल रोड के डंकीनगंज तथा पुरानी दशमी फीडर के जर्जर हाईटेंशन तार बदलकर एबीसी तार लगाए जाने हैं। इस दौरान डंकीनगंज, रतनगंज, लेबर चौराहा, चिनियहवा इनारा काॅलोनी, तुलसी चौक आदि मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी। इसी प्रकार सखौरा उपकेंद्र के टाउन नंबर चार तथा बिहारी फीडर के जर्जर हाईटेंशन तार बदलकर एबीसी तार लगाए जाने हैं। इस दौरान अर्जुनपुर, पक्का पोखरा, रमईपट्टी, ऑटो स्टैंड, देहात कोतवाली, जोगियाबारी, नुआंव, विजयपुरा तथा मसारी आदि इलाकों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी।