चुनार। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने शनिवार को तहसील सभागार में निकाय चुनाव को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शांति व निष्पक्ष ढंग से चुनाव कराएं। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दो नगर पालिका परिषद चुनार एवं अहरौरा में चुनाव सकुशल संपन्न कराने के उन्होंने पुलिस, राजस्व व पालिका से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने थाना प्रभारी अहरौरा एवं चुनार से निकाय चुनाव के संबंध में की गई तैयारियों की जानकारी ली।
नगर पालिका चुनार व अहरौरा के अधिशासी अधिकारियों ने भी निकाय चुनाव के लिए उनकी तरफ से की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पूरी मुश्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए निकाय चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाहनों को नामांकन स्थल से 100 मीटर पहले ही कड़ाई से रोकें। उन्होंने कहा कि जो गलत लोग हैं, उनके खिलाफ कठोर और अच्छे लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि चुनाव लड़ने व लड़ाने वालों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने चुनाव के दौरान शराब, पैसा, मादक पदार्थ व अन्य प्रलोभन देने की सूचना मिलने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। असामाजिक तत्वों को रेड कार्ड जारी करने के साथ ही एजेंट नहीं बनने देने की हिदायत दी। उन्होंने लोगों से शस्त्र जमा कराने का निर्देश भी दिया।
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारियों के साथ चुनार नगर पालिका क्षेत्र के अति संवेदनशील बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने दरगाह शरीफ दक्षिणी, टेकौर स्थित संस्कृत महाविद्यालय एवं प्राथमिक पाठशाला सराय टेकौर का निरीक्षण किया और आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। दोनों नगर पालिका क्षेत्रों के चुनाव के लिए राजकीय महाविद्यालय में बनाए गये स्ट्रांग रूम की व्यवस्था का भी निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने जायजा लिया। साथ ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी व मतगणना की व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस दौरान उपजिलाधिकारी नगर पालिका चुनार नवनीत सेहारा, उप जिलाधिकारी मड़िहान अश्वनी सिंह, पुलिस उपाधीक्षक, तहसीलदार नुपूर सिंह, अधिशासी अधिकारी चुनार राजपति वैस, अधिशासी अधिकारी अहरौरा रामदुलार आदि मौजूद रहे ।