विंध्याचल। मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने शनिवार को विंध्य क्षेत्र में चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सदर बाजार एवं कोतवाली गली में चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य को तेज गति से करने का ठेकेदारों को फरमान जारी कर कहा कि एक माह के अंदर ध्वस्तीकरण कार्य समाप्त कर दिया जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि आदिशक्ति जगत जननी मां विंध्यवासिनी के दरबार में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन पूजन करने के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन मां विंध्यवासिनी मंदिर के आसपास के क्षेत्र को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए विंध्य कॉरीडोर योजना के अंतर्गत कार्य प्रगति पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोतवाली गली में कॉरीडोर योजना में आने वाले भवनों का 90 प्रतिशत से अधिक का क्रय कर लिया गया है, बची हुए संपत्तियों को भी जल्द क्रय कर लिया जाएगा। गलियों में फैले मलबे को जल्द ही हटाने का भी निर्देश दिया। कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में ध्वस्तीकरण कार्य प्रभावित हुआ है, जल्द ही लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार जय हिंद, नायब तहसीलदार सदर नटवर सिंह, पीडब्ल्यूडी जेई प्रवीण कुमार चौहान, नगर पालिका ईओ ओम प्रकाश सहित विंध्याचल कोतवाली के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि क्रय की गई संपत्तियों का ध्वस्तीकरण कार्य चल रहा है। कोविड की दूसरी लहर आने से कार्य प्रभावित हुआ है। प्रयास रहेगा कि इसी माह के अंदर ध्वस्तीकरण कार्य समाप्त कर लिया जाय। उसी के आधार पर डिजाइन तैयार किया जाएगा एवं मां विंध्यवासिनी मंदिर परिक्रमा पथ एवं चार प्रमुख गलियों का वास्तविक स्वरूप तैयार कर कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।