मिर्जापुर। मंडलायुक्त प्रीति शुक्ला ने मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी कोविड-19 के साथ बैठक की। इसमें मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि डोर टू डोर जाकर शत प्रतिशत जांच हो।
बैठक में दौरान मंडलायुक्त ने कंट्रोल रूम से की जा रही गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी तथा कोरोना संक्रमण को रोकने एवं बचाव के बारे में विस्तृत चर्चा की। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने कोविड अस्पताल एल-1 एवं एल-2 में भर्ती मरीजों की संख्या, मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं, चिकित्सकों के द्वारा समय-समय पर किये जा रहे निरीक्षण आदि के बारे में आयुक्त को जानकारी दी। आयुक्त ने कहा कि डोर टू डोर सर्विलांस टीमों के द्वारा प्रत्येक घर-घर जाकर शत प्रतिशत जांच की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जांच टीम जिस घर में जाये उस घर में किसकी जॉंच की उसका नाम, पता व मोबाइल नम्बर रजिस्टर पर अवश्य दर्ज किया जाये। उस रजिस्टर से भी जॉंच कराने वाले व्यक्ति से भी वार्ता की जाये। उन्होंने होम आइसोलेशन में रखे गये मरीजों के बारे में जानकारी ली गयी। आयुक्त ने एन-1 में भर्ती मरीज लालगंज निवासी सुधीर कुमार से उनके मोबाइल नंबर पर बात की गयी। दूसरे मरीज सूर्या सिंह से भी बात की गई। अस्पताल में टेस्टिंग आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली गयी। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी अजय कुमार सिंह, नोडल अधिकरी कंट्रोल रूम/डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार शुक्ला के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने कोविड कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा वहां से होने वाले गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।