मिर्जापुर। भैरो प्रसाद जायसवाल चिकित्सालय में छह माह बाद भी आंखों के ऑपरेशन शुरू नहीं होने के मामले में शुक्रवार को सीएमओ डॉ. केके मिश्रा और एसीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने औचक निरीक्षण किया। दोनों अस्पतालों में कुल 17 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी का एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।
अमर उजाला में छह माह बाद भी शुरू नहीं हुए आंखों के ऑपरेशन, धूल फांक रही मशीनें शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सीएमओ को कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद शुक्रवार दोपहर सीएमओ और एसीएमओ भैरो प्रसाद जायसवाल चिकित्सालय पहुंचे। यहां अधीक्षक डॉ. अवधेश समेत नौ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। अधीक्षक को बुलाकर ऑपरेशन थियेटर के संचालन के बारे में जानकारी ली गई। सीएमओ ने पूछा कि जब सभी मशीनें आ चुकी हैं तो परेशानी कहां है। उन्होंने कमियों की मांग भेजकर जल्द ऑपरेशन शुरू कराने का निर्देश दिया।
अस्पताल में सादे पन्ने पर पर्चा बनाए जाने पर सीएमओ ने कहा कि पर्चे के मद में मिलने वाले बजट से छोटे-मोटे कार्य कराए जाएं। इसके बाद अधिकारियों ने टीबी अस्पताल का निरीक्षण किया। वहां भी आठ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ डॉ. केके मिश्रा ने बताया कि दोनों अस्पतालों में अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।