शुक्रवार को दोपहर में हुई बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया, वहीं जगह-जगह जलभराव होने से आवागमन प्रभावित रहा। बारिश से नगर में जगह-जगह जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आने जाने में परेशानी हुई। बारिश से क्षतिग्रस्त नालियों के जाम होने से बारिश का पानी सड़कों पर लग गया।
बारिश होने से नगरीय इलाकों सहित विंध्याचल में जलभराव होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। अचानक मौसम का मिजाज बदलने से जमकर हुई बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया, वहीं तापमान लुढ़कने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली, लेकिन जगह-जगह हुए जलभराव से लोग परेशान दिखाई दिए।
बारिश के बाद नगर के बेलतर, आर्यकन्या रोड, मुकेरी बाजार, संगमोहाल, भटवा की पोखरी, पेहटी का चौराहा, पुतलीघर, हयात नगर, देवपुरवा, भैसहिया टोला, सबरी, पांडेयपुर आदि इलाकों में जलभराव हो गया। नालियां ओवरफ्लो होने लगी, जिससे नाले का गंदा पानी सड़क पर फैल गया। आवागमन घंटों ठप रहा। क्षतिग्रस्त सड़कों पर गड्ढों में भरे पानी व कीचड़ से गुजरने में राहगीर परेशान दिखे।