मिर्जापुर। जिले में सोमवार से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया। इस बीच अभियान के दौरान कई जगह साफ-सफाई तक नहीं की गई। अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा। पहले दिन सोमवार को मझवां विकास खंड के 10 ग्राम पंचायतों को छोड़कर बाकी जगह अभियान के नाम पर औपचारिकताएं पूरी की गईं।
जिले भर में कुल 1714 सफाई कर्मचारी तैनात हैं। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए सिटी विकास खंड में 148, कोन में 51, मझवां में 33, छानबे में 152, पहाड़ी में 82, हलिया में 45, लालगंज में 95, जमालपुर में 48, नरायनपुर में 24, पटेहरा कला में 61 तथा राजगढ़ में 39 सफाई कर्मियों समेत कुल 778 सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बाकी कर्मचारियों को नवरात्र मेला की तैयारी को देखते हुए साफ-सफाई के लिए विंध्याचल में लगाया गया है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के पहले दिन सोमवार को सिटी विकास खंड के एडीओ पंचायत कार्यालय के अलावा कर्मचारियों के आवासीय परिसर में जगह-जगह गंदगी दिखी। एडीओ पंचायत सिटी केके सिंह का कहना है कि सफाई कर्मचारी निर्वाचन कार्य के साथ ही नवरात्र मेला की तैयारियों में लगे हुए हैं। सोमवार को मां काली मंदिर, अष्टभुजा पहाड़ सहित अन्य क्षेत्रों में सफाई कराई गई है। उधर, छानबे विकास खंड में सोमवार को ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई का काम शुरू ही नहीं हो पाया। एडीओ पंचायत प्रभा शंकर पटेल का कहना है कि सभी सफाई कर्मचारियों को विंध्याचल में सफाई कार्य में लगाया गया है। इससे विकास खंड क्षेत्र में सफाई अभियान नहीं चलाया जा सका। जमालपुर क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान बैठक तक सीमित रहा। मझवां विकास खंड में सोमवार को बजहां, जलालपुर, सबेसर, आही, दुनाई और नरायनपुर के जमुआ, गोरही, गोतवा में स्वच्छता अभियान चलाया गया। एडीओ पंचायत अनूप दुबे ने बताया बाकी ग्राम पंचायत में रोस्टर के हिसाब से साफ-सफाई कराई जाएगी।