मिर्जापुर। सिटी विकास खंड के ककराही गांव स्थित लघुडाल पंप कैनाल के ट्रांसफार्मर से अवैध कनेक्शन के जरिए लोगों की ओर से पास ही स्थित नदी में निजी पंप बैठाकर धड़ल्ले से अपने खेतों की सिंचाई की जा रही है। जिसके चलते लघुडाल पंप कैनाल का मोटर लो वोल्टेज समस्या के चलते ठप पड़ा हुआ है। सीजन के दौरान मशीन न चलने से किसान सुबह शाम पंप कैनाल का चक्कर काट रहे हैं मशीन नहीं चल पा रहा है।
पंप चलाने के लिए चार से 440 वोल्टेज बिजली की आवश्यकता पड़ती है। बिजली आते ही उक्त पंप कैनाल पर मौजूद ट्रांसफार्मर से अवैध कनेक्शन के जरिए पास ही स्थित नदी में कुछ लोगों की ओर से दो हार्स पावर के पंप बैठाए गए हैं। बताया जाता है कि जब उनके पंप चलते हैं तो लघुडाल पंप कैनाल का मोटर नहीं चल पाता है। बिजली की सप्लाई 440 वोल्ट से घटकर 380, 90 तक पहुंच जाती है। यह समस्या काफी दिनों से बनी हुई है। पंप न चलने की हुई शिकायत पर तैनात आपरेटर की ओर से लो वोल्टेज की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया जाता है। सच्चाई सामने तब आई जब कुछ किसान शुक्रवार को पंप कैनाल पहुंचे और ट्रांसफार्मर पर लगे अवैैध कनेक्शन को जैसे ही हटाया कि बिजली 440 वोल्ट पर पहुंच गई। पंप कैनाल की मोटर चलने लगी।
पंप कैनाल ट्रांसफार्मर में यदि अवैध कनेक्शन लगे हुए हैं तो यह गैर कानूनी है। इसे न सिर्फ हटवाया जाएगा बल्कि संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।- गौरव श्रीवास्तव, एसडीओ, लघुडाल पंप कैनाल।