मिर्जापुर। भरूहना मार्ग पर स्थित विंध्यवासिनी कालोनी के बाशिंदे जलभराव से बरसों से परेशान हैं। यदि हल्की सी भी बारिश हो जाए तो पूरा मार्ग पानी से घिर जाता है। बीच में सीवर के बड़े- बडे खुले हुए चैंबर जानलेवा बने हुए हैं। हालांकि हाल में ही जिला पंचायत से सीवर और अन्य कार्यों के लिए काम शुरू कराया गया लेकिन लगभग एक पखवाड़े से यह काम भी बंद है।
इस कालोनी में जिला पंचायत की ओर से 40 लाख रुपये का बजट सीवर व अन्य कार्यों के लिए मंजूर किया गया है। इस क्रम में कुछ काम हुआ भी है लेकिन कुछ समय से इसे बंद कर दिया गया है। नागरिकों का कहना है कि इस समय कोरोना महामारी चल रही है। शासन- प्रशासन जगह- जगह सफाई अभियान चलाकर सफाई करा रहा है लेकिन इस जगह का हाल बदहाल है। दो दिन पूर्व हुई हल्की बारिश में ही इतना जलजमाव हो गया कि आज तक पानी लगा हुआ है। रात के अंधेरे में कई बार लोग इसी पानी में गिरकर चोटहिल हो चुके हैं। कुछ दूरी तक नाली बनी है लेकिन सड़क पूरी क्षतिग्रस्त है। पानी की निकासी का कोई रास्ता ही नहीं है। कार्रवाई की मांग की गई है।