- जनगणना के लिए डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनगणना में लगे अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि स्वगणना के तहत नागरिक स्वयं भी पोर्टल पर जाकर गणना कर सकते हैं। स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में ट्रेनरों ने पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।
एडीएम विनोद कुमार सिंह ने बताया कि स्वगणना 16 से 30 नवंबर तक होगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक निर्धारित समय सीमा में संबंधित कार्य किया जाएगा। चार जनवरी 2027 की रात बेघर लोगों की गणना होगी। पांच जनवरी 2027 संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है। पुनरीक्षण चरण पांच से नौ जनवरी 2027 तक चलेगा।
डीएम ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्यालयों में कर्मचारियों की स्वगणना स्वयं कराएं। साथ ही कार्यालयों में आने वाले लोगों को भी इसके बारे में जानकारी देकर स्वगणना के लिए प्रेरित करें। स्वगणना के दौरान सही जानकारी दी जाए। अपर जिलाधिकारी को स्वगणना की प्रतिदिन निगरानी कराने का निर्देश दिया। स्वगणना के लिए निवासियों को प्रेरित करने और अंतिम व्यक्ति तक जानकारी पहुंचाने के लिए जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे पूरी ईमानदारी से कार्य करें। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि हर इंटर कॉलेज और महाविद्यालय में विद्यार्थियों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी राम उदय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।