लालगंज। क्षेत्र के नरैनाकला के बघई गांव में दोपहर के समय बेलन नदी में नहाते समय एक नौ वर्षीय बालक डूब गया।
लालगंज थाना क्षेत्र के नरैनाकला ग्राम पंचायत के बघई गांव निवासी पन्नालाल के यहां मंगलवार को पुत्री की शादी की तैयारी चल रही थी। रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था। इसी बीच सोमवार को दोपहर दो बजे अन्य बच्चों के साथ पन्नालाल का नौ वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ बेलन नदी में नहाने के लिए गया था। सभी बच्चें नहाने के बाद घर वापस आए। सिद्धार्थ घर नहीं पहुंचा तब परिजनों को चिंता हुई। बच्चों ने बताया कि सिद्धार्थ नहाने के लिए बेलन नदी में गया था। परिजन खोज बीन करते हुए बेलन नदी में पहुंचे। तालाब में उतरे तो सिद्धार्थ मिला। आनन-फानन में परिजन सिद्धार्थ को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर में चल रहा शादी का उत्सव गम में बदल गया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबध में प्रभारी निरीक्षक रामनरायन ने बताया कि परिजनों द्वारा कोई सूचना थाने या चौकी में नही दी गई है।