मिर्जापुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ। खलते समय एक बच्चा नाद में गिर गया। आनन-फानन उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मिर्जापुर जिले में संतनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव में रविवार की शाम घर के सामने खेल रहे डेढ़ वर्षीय मासूम की नाद (जानवरों को चारा खिलाने का बर्तन) में गिरने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
विज्ञापन
गांव निवासी शिव कुमार ने बताया कि दो पुत्र और एक पुत्री घर के सामने खेल रहे थे। पत्नी किसी काम से घर के अंदर चली गई। कुछ देर बाद भैंस को चारा डालने गया तो छोटा पुत्र प्रियांशू (1.5 वर्ष) भैंस की नाद में भरे पानी में गिरा था। आनन फानन उसे पीएचसी पटेहरा लाया गया। जहां डॉक्टर राजकुमार ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में चीख- पुकार मच गई। बेटे की मौत से मां राजमती बदहवास हो गई। उधर, मासूम का दाह संस्कार कर दिया गया। मृतक मासूम दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था।