मिर्जापुर। योजनाओं के संतृप्तीकरण के लिए गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले के सात विकास खंडों के 14 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया।
विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन नामित नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में किया गया। सभी 14 ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों द्वारा पांच स्टाॅल लगाए गए थे। उन स्टाॅलों पर मौके पर मौजूद लोगों को आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही मौके पर ही पंजीयन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। इस दौरान ग्राम पंचायत बसही के नोडल अधिकारी व बाल विकास परियोजना अधिकारी हलिया विकास शुक्ला अनुपस्थित रहे। इस पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा है। इस दौरान आयोजित चौपाल में योजनाओं के लाभार्थियों को सफलता की कहानी भी सुनाई गई। उधर, विकास खंड सीखड़ के धन्नूपुर व डोमनपुर, विकास खंड कोन के मलाधरपुर व चील्ह, विकास खंड सिटी के मगरदा कला व दुहौवा, विकास खंड पटेहरा कला के बसही व शोभी, विकास खंड जमालपुर के अचितपुर व बरईपुर, विकास खंड छानबे के कामपुर कला व विजयपुर एवं विकास खंड हलिया के बेलाही व मटिहरा ग्राम पंचायत में भी विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।