जिले में एक हफ्ते के अंदर थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मयों पर कार्रवाई हो चुकी है। इनमें दो लोगों को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया है। जिगना क्षेत्र के गोगांव निवासी प्रमोद सिंह ने शिकायत की थी कि खनन में दर्ज मुकदमे में फंसाने के नाम पर पुलिस रिश्वत मांग रही है। उनकी शिकायत पर 22 फरवरी को जिगना थाने के उप निरीक्षक शकील अहमद को एंटी करप्शन की टीम ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा था।
दूसरे मामले में जिगना थाने के ही उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार का वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई की गई। गांव निवासी प्रमोद कुमार सिंह को संगीन धाराओं से बचाने के लिए उप निरीक्षक ने एक लाख रुपये की मांग की थी। प्रमोद के पिता सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी मानिक बहादुर सिंह से पैसे मांगने और पुलिस विभाग के अधिकारियों को अपशब्द बोलने का वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने बुधवार को उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया था। एक ही थाने के दो उप निरीक्षकों पर कार्रवाई के बाद पुलिस में सुधार नहीं आया। बृहस्पतिवार को एंटी करप्शन की टीम ने चील्ह थानाध्यक्ष को 30 हजार रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया।