मिर्जापुर। सदर तहसील क्षेत्र के बिरमौआ गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सरकारी नाले व जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया कि गांव के कुछ दबंग लोग कई वर्षों से जमीन पर कब्जा किए है। धीरे-धीरे ये लोग गांव के अन्य सरकारी जमीन और नाले पर कब्जा करते चले जा रहे है। कब्जा करने वालों ने होलिका दहन वाली जमीन पर भी कब्जा कर लिया है, जबकि उस जमीन पर वर्षों से होलिका जलती आ रही है। गांव वालों के मना करने पर मारपीट करने को तैयार रहते है। मांग किया कि मामले की जांच कराकर उनके पास से सरकारी जमीन से कब्जा हटाया जाए। ज्ञापन देने वालों में अनिल कुमार, अभिषेक कुमार चौबे, अशीष, अमित कुमार चौबे, विनय कुमार, विकास चौबे, महेंद्र मौर्या, नंदलाल मौर्या, संदीप कुमार चौबे, सूरज आदि रहे।