मिर्जापुर। एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत कराए गए विकास कार्यों का रविवार को केंद्रीय सचिव हरित शाक्य ने निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने विसुंदरपुर स्थित राजकीय औद्यानिक पौधशाला का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने पाली हाउस में रोपे गए पौधों को देखा। इस दौरान उन्होंने उप निदेशक उद्यान व जिला उद्यान अधिकारी को पौधों के समुचित रख-रखाव की व्यवस्था का निर्देश दिया। राजकीय औद्यानिक पौधशाला के निरीक्षण के पश्चात उन्होंने सिटी विकास खंड के नुआव गांव में किसान रामजी दुबे द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत कराए गए विकास कार्यों का सत्यापन किया।
उन्होंने ड्रैगन फ्रूट, केले की खेती, बैंक हाउस, बर्मी कंपोस्ट, पाली हाउस में खीरा उत्पादन आदि का निरीक्षण कर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान किसान रामजी दुबे ने उन्हें बताया एक हेक्टेयर ड्रैगन फ्रूट के पौधरोपण में 15 लाख रुपये खर्च होते हैं, लेकिन सरकार की ओर से सब्सिडी बहुत ही कम दी जा रही है। जितना धन मिल रहा है, उससे कई गुना पौधों की देखभाल की मजदूरी में खर्च हो रहा है। उन्होंने महंगाई को देखते हुए सब्सिडी बढ़ाए जाने की मांग की। इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम, उद्यान निरीक्षक पुष्पेंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।