मिर्जापुर। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार अलविदा जुमा की नमाज, ईद-उल-फितर, भगवान परशुराम की जयंती व अक्षय तृतीया के मद्देनजर धर्म गुरुओं व संभ्रांत लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि अफवाहों से दूर रहें और शांतिपूर्ण तरीके से ईद व अक्षय तृतीय पर्व आदि मनाएं। बैठक में जिलाधिकारी ने लोगों को बताया कि अलविदा की नमाज, ईद-उल-फितर, भगवान परशुराम जयंती व अक्षय तृतीया पर्व के मद्देनजर पूरे जनपद को जोन व सेक्टर में विभाजित कर मंदिरों, मस्जिदों, ईदगाहों व आसपास के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।उन्होंने बताया कि सभी जोन व सेक्टरों में प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों के अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि अवांछित तत्वों द्वारा किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने व वर्चुअली अथवा प्रत्यक्ष रूप से गड़बड़ी करने वालों पर सोशल मीडिया सेल व पुलिस प्रशासन द्वारा निगरानी की जा रही है।उन्होंने आगाह किया कि शांति व्यवस्था के खिलाफ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संप्रदाय के लोगों से जनपद में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखकर तथा सौहार्द कायम रखते हुए ईद-उल-फितर व अक्षय तृतीया पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को ड्यूटी वाले क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सतर्क दृष्टि रखने का निर्देश दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्रीकांत प्रजापति, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ओपी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विनय सिंह व सभी क्षेत्राधिकारी आदि मौजूद रहे।