पथरहिया स्थित विकास भवन में मनरेगा व अन्य योजनाओ की समीक्षा करते सीडीओ अविनाश सिंह।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन में शुक्रवार को मनरेगा व अन्य योजनाओं की मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह ने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का निर्देश है कि इस योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को काम दिया जाए। सीडीओ ने कहा कि मनरेगा व राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के साथ पीएम आवास मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में है। परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय ने बताया कि लाकडाउन के चलते जो पीएम आवास का काम रूक गया था। अब वह धीरे- धीरे शुरू हो रहा है। पीएम आवास के निर्माण में लगभग 40 फीसदी की प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि सभी आवास शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। सीडीओ ने मनरेगा के कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में जिला का चौथा स्थान है। यदि इसमें और प्रगति लाई जाए तो हम और ऊपर जा सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मनरेगा के कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ होने चाहिए। किसी भी अनियमितता पर कठोर कारवाई की जाएगी। इसी के साथ एनआरएलएम की योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला विकास अधिकारी एएन मिश्र, डीसी मनरेगा मो. नफीस, डीसी एनआरएलएम डा. राधेश्याम प्रसाद व अन्य विकास खंड अधिकारी उपस्थित रहे।