मुख्य विकास अधिकारी ने बृहस्पतिवार को छानबे विकास खंड के ग्राम पंचायत बजटा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन, गांव में लगे स्ट्रीट लाइट, सोख्ता, अमृत सरोवर का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान सोख्ता मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर पंचायत सचिव से कड़ी नाराजगी जताई।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने पंचायत भवन की मरम्मत तथा बंद पड़े स्ट्रीट लाइट को तत्काल सही कराने का निर्देश दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद खंड विकास अधिकारी को अमृत सरोवर के निर्माण का ब्योरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिस बस्ती में स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता है, वहां प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराएं।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी हरिओम गुप्ता, पंचायत सचिव उत्तम सिंह यादव, प्रधान उषा देवी, श्रीकांत बिंद आदि मौजूद रहे।