मिर्जापुर। शक्तिनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की मंगलवार को हुई बैठक में सोनभद्र जिले की सीमाओं के अलावा संवेदनशील स्थलों तथा चौराहों और तिराहों समेत 15 स्थानों पर सीसी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। बोर्ड की बैठक में प्राधिकरण की निधि से 21 स्थानों पर विकास के लिए प्रस्तावित कार्यों में से 11 को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सीसी रोड के निर्माण के औचित्य की जांच के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी भी गठित की गई। कमेटी में दो अभियंता शामिल किए गए हैं। मंडलायुक्त डॉ.मुथुकुमार स्वामी बी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को प्राधिकरण की आय बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सोनभद्र के सीडीओ ने साडा के पदाधिकारियों के बारे में जानकारी दी। साडा की पूर्व में हुई बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालन आख्या भी प्रस्तुत की। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2023-24 में वास्तविक आय तथा व्यय के अनुमोदन एवं वित्तीय वर्ष 2024-25 के प्रस्तावित बजट पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को प्राधिकरण की आय बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। सीसी रोड निर्माण के औचित्य को लेकर मंडलायुक्त ने एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की। कमेटी से औचित्य संबंधी रिपोर्ट प्राप्त कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।