जिले में 10 दिन के अंदर शनिवार को पुलिस और तस्करों के बीच पांचवीं बार मुठभेड़ हुई। पुलिस ने चुनार के धौरहरा गांव के पास दाएं पैर में गोली मारकर पशु तस्करी के एक आरोपी सोनभद्र निवासी इमरान को गिरफ्तार किया। एक आरोपी भागने में सफल रहा। पुलिस ने दो पिकअप से 20 मवेशी बरामद किए। एक पिकअप पर नंबर प्लेट नहीं थी। वही दूसरी पिकअप में आगे-पीछे वाली प्लेट पर अलग-अलग नंबर अंकित थे। आरोपी के पास से पुलिस ने तमंचा और कारतूस बरामद किए। सीओ चुनार मंजरी राव ने बताया कि चुनार पुलिस को दो पिकअप में लादकर मवेशियों को मध्य प्रदेश ले जाने की सूचना मिली। चुनार थाने की पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की। हाईवे के नीचे धौरहरा रेलवे अंडर पास पुलिस को देखकर पशु तस्कर वाहनों को घुमाकर भागने लगे। चारों तरफ से पुलिस से घिरे होने पर तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बचाव में पुलिसकर्मियों ने भी गोली चलाई। पुलिस की एक गोली आरोपी इमरान निवासी पगिया रोड थाना करमा जनपद सोनभद्र के दाएं पैर में लग गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दूसरा आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से दो पिकअप से 20 मवेशी, एक तमंचा, दो खोखे बरामद किए। बताया कि एक पिकअप बिना नंबर प्लेट और दूसरी पिकअप पर आगे व पीछे नंबर प्लेट अलग-अलग नंबर अंकित है। मिर्जापुर। मौसम बदलने के साथ ही पशु तस्करी व चोरी की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। कोहरे का लाभ उठाकर तस्कर मवेशियो की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस भी पशु तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। 10 दिनों में पांच मुठभेड़ में पुलिस ने अब तक पशु तस्करी के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पशु चोरी के आरोपी भी पकड़े गए हैं। चार दिसंबर को जमालपुर थाने की पुलिस ने चोरी की दो भैंसों के साथ आरोपियों को पकड़ा था। 11 दिसंबर को मड़िहान थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने भेड़ चोरी करने आए 11 आरोपियों की पिटाई की। उनके पास से चोरी की छह भेड़ें बरामद की। 11 दिसंबर की रात को अदलहाट पुलिस ने मुठभेड़ में एक तस्कर को पैर में गोली मारकर को 37 मवेशी के साथ पकड़ा। उसके पास से तमंचा बरामद किया। 13 दिसंबर को अहरौरा पुलिस ने एक तस्कर के पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया। उसके पास से 21 मवेशी और बंदूक बरामद किए। 16 दिसंबर को अहरौरा पुलिस ने मुठभेड़ से भागे 20 हजार के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया। 16 दिसंबर को भोर में मड़िहान और राजगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ में एक तस्कर को पैर में गोली मारकर 13 मवेशियों के साथ पकड़ा। 17 दिसंबर को लालगंज पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर दो आरोपियों को 33 मवेशियों के साथ पकड़ा। 19 दिसंबर को चुनार पुलिस ने अवैध बूचड़खाने में मवेशी काटने के आरोप में एक को पकड़ा। 20 दिसंबर की भोर में चुनार पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर पशु तस्करी के एक आरोपी को 20 मवेशियों के साथ गिरफ्तार किया।