अदलहाट थाने के भभुआर गांव में सोमवार की रात चहारदीवारी फांदकर घर में घुसे चोर चार कमरों का ताला तोड़कर नकदी व कीमती आभूषण उठा ले गए। घटना के दौरान गृह स्वामी पत्नी के साथ बैकुंठपुर स्थित बड़े पुत्र के यहां दुर्गा पूजा देखने गए थे। मंगलवार को सुबह घर लौटने पर चोरी की घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
गृहस्वामी श्रीकांत ओझा के बड़े पुत्र विपिन ओझा ने बताया कि सोमवार की शाम माता-पिता भभुआर के घर में ताला बंद कर बैकुंठपुर स्थित उनके घर दुर्गा पूजा का मेला देखने आए थे। सुबह जब अपने भभुआर स्थित आवास पर माता-पिता लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि चोर चहारदीवारी फांदने के बाद मुख्य कमरे का ताला तोड़कर घर में घुसे। चोर तीन अन्य कमरों, दो आलमारी, बड़े बॉक्स व सात अन्य बक्सों का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये नकद, एक दर्जन से अधिक सोने के आभूषण, हीरे की अंगूठी, इनवर्टर, गैस सिलिंडर, कीमती कपड़े व रसोई घर में रखी घी, तेल, चावल, दाल, आटा भी उठा ले गए।
उधर, चोरी की घटना की सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज नरायनपुर रणविजय सिंह ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष अदलहाट विजय चौरसिया ने बताया कि चोरी के मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।