राजगढ़। थाना क्षेत्र के धनसीरिया गांव में मंगलवार की रात चोर एक घर से 50 हजार रुपये नकद और आभूषण उठा ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है।
क्षेत्र के धनसिरिया गांव निवासी विजेंदर सिंह मंगलवार की रात गांव में ही एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। उनकी पत्नी घर में अकेली थीं। मौका पाकर चोर मकान के चैनल का ताला खोलकर अंदर घुस गए। घर में रखे जेवर व नकदी चुरा ले गए। तिलक समारोह से देर रात घर लौटे विजेंदर सिंह को मकान का चैनल खुला मिला। घर के अंदर किसी के घुसने की आशंका होने पर पड़ताल करने लगे। इस दौरान कमरे में सामान बिखरे पड़े मिले। अालमारी का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। बुधवार को सुबह राजगढ़ थाने में चोरी की घटना की तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने बताया है कि चोर एक किलो चांदी, 100 ग्राम सोने के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चुरा ले गए हैं। राजगढ़ थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव ने बताया कि धनसिरिया गांव निवासी विजेंदर सिंह ने चोरी की घटना की तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।