मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के विसुंदरपुर में गुरुवार की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत मामले का पुलिस ने खुलासा किया। छोटे भाई ने ही बड़े भाई के शराब के सेवन के बाद आए दिन विवाद करने से तंग आकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्टम में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले का खुलासा एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने रविवार को शहर कोतवाली में किया।
क्षेत्र निवसी 32 वर्षीय मट्टर बिंद चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। गुरुवार की रात को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार को मट्टर के पिता राधेश्याम बिंद ने थाने में तहरीर देकर पुत्र की संदिग्ध मौत होने पर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मट्टर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई। इसपर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर परिवार के सदस्य और अन्य लोगों से पूछताछ की। छानबीन में पुलिस को पता चला कि उसके छोटे भाई दशरथ बिंद ने उसकी हत्या की है। शहर कोतवाल रविंद्र कुुमार यादव ने दो मोहिया तिराहा से गिरफ्तार किया। हत्या का खुलासा करते हुए एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दशरथ बिंद से पूछताछ की गई तो उसने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि भाई मट्टर शराब का लती था। उसे और उसकी पत्नी को प्रताड़ित करता रहता था। प्रताड़ना से दुखी होकर गला घोंटकर हत्या कर दी।